सुबह जल्दी क्यों उठना चाहिए
जल्दी जागना हमेशा ही फायदेमंद होता हैं, फिर चाहे वो नींद से हो, या फिर भ्रम से हो, सुबह 4:00-6:00 बजे का समय सबसे कीमती समय होता है। जल्दी उठने का एक बड़ा लाभ यह है, इस समय हमारे पास मन को अशांत करने वाली चीजें नहीं होतीं हैं ओर आपके पास समय काफी होता है, आप खुद के लिए बेहतर समय निकाल सकते हैं। सुबह जल्दी उठकर आप अतिरिक्त ऊर्जा पा सकते हैं, जो दिनभर आपको ऊर्जावान बनाए रखेगी, साथ ही खुशनुमा एहसास से भर देगी। आप पूरे दिन सकारात्मकता महसूस करेंगे । प्रात:काल सोकर उठने से कठिन चीजें भी आसान लगती हैं। इसके जरिए हम अपनी समस्याओं को पराजित कर सकते हैं। सुबह जल्दी उठकर आप न सिर्फ स्वस्थ रहते हैं बल्कि हर काम में अपना 100 प्रतिशत देते हैं।
सुबह 4:00 बजे उठने के 5 फायदे
1 शुद्ध वायु - उषाकाल के भ्रमण से मनुष्यों को विभिन्न ऋतुओं की सुगन्धित वायु प्राप्त होती है जिससे मनुष्य में एक नवस्फूर्ति और नवजीवन का संचार होता है। ऊषा की लालिमा मानव हृदय को रोग-रहित कर देती है। उषाकाल का भ्रमण मनुष्य को प्राकृतिक पोषण देता है। सुबह जल्दी उठकर भ्रमण करने से ऑक्सीजन की मात्रा अच्छी मिलती है। प्रात:काल परिभ्रमण करने से हमारी शारीरिक शक्ति के साथ-साथ मानसिक शक्ति का भी विकास होता है। हमारे मन से विकार दूर हो जाते हैं। प्रात:काल मन प्रसन्न होने से मनुष्य का संध्या तक का समय बड़ी प्रसन्नता से व्यतीत होता है। सुबह की ठण्डी वायु सेवन करने से मनुष्य के मुख पर तेज आता है। उसकी पाचन शक्ति बढ़ जाती है। सुबह जल्दी उठकर अगर आप धूप को ग्रहण करते हैं, तो आपको कभी हड्डी व जोड़ों से संबंधित समस्या नहीं आएगी।
2 बेहतर स्वास्थ्य - तंदुरुस्त स्वास्थ्य के लिए सबसे बेहतर समय प्रभात का होता है, जब आप भ्रमण के साथ-साथ योग, ध्यान ओर व्यायाम करते हैं, तो यह पूरे दिन आपको शारीरिक और मानसिक रूप से शांत व एकाग्र रखने में सहायक होता है। अगर आप जल्दी उठेंगे तो दिन के बाकी काम शुरू करने से पहले जो वक्त मिलेगा, उसे बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस्तेमाल कर सकेंगे। व्यायाम करने से हमारे शरीर में लचीलापन आता है।, उससे हमारे हृदय और फेफड़ों को अधिक काम करना पड़ता जिसके फलस्वरूप हमारी एक-एक सांस शुद्ध हो जाती है, हमारे रक्त की एक-एक बूँद स्वच्छ हो जाती है।
3 उत्तम दिनचर्या - सुबह जल्दी उठने से हमारे पूरे दिन की दिनचर्या बहुत अच्छी रहती है, हम पूरे दिन के काम समय-सारणी के नियमुनसार कर पातें है। दिमाग भी सही रहता है और मन में खुश रहता है। सुबह के शुरुआती घंटे हमें नियमबद्ध होने का समय देते हैं। ओर हम पूरे दिन की योजना बनाने के लिए समय का उपयोग करके हर समस्या को दूर कर सकते हैं। सुबह उठने वाले लोगों में सोचने की क्षमता और समस्या को सुलझाने की कला बेहतर होती है।
4 संतुलित नाश्ता - स्वस्थ रहना है तो सुबह का नाश्ता कभी छूटना नहीं चाहिए। सुबह जल्दी उठकर आराम से नाश्ता करने का समय भी होगा। वैसे भी नाश्ते से जो ऊर्जा मिलती है, दिन भर की कार्यशैली उसी पर निर्भर रहती हैं। जल्दी उठेंगे तो दिन में क्या खाना है, इसकी समय-सारणी भी बना सकेंगे।
5 कार्य-क्षमता - सुबह जल्दी उठने वालों का दिमाग तेज काम करता है। आप काम पर ज़्यादा रचनात्मक और एकाग्र करेंगे, ऐसे में आपका प्रदर्शन अच्छे से बेहतर होगा । सुबह की ताजी हवा लेने और व्यायाम करने से शरीर का आलस खत्म होगा और प्राकृतिक ऊर्जा आएगी।
आप अपना भविष्य नहीं बदल सकते, लेकिन आप अपनी आदतों को बदल सकते हैं और निश्चित रूप से आपकी आदतों से आपका भविष्य बदल सकता है। आपका सुबह जल्दी उठने का मन तो करेगा नहीं, क्योंकि आखिर नींद भी तो सभी को बहुत प्यारी होती है। लेकिन थोड़ी कोशिश करिए, आदत बदल जाएगी और स्वस्थ तन व मन के साथ आप पहले से कहीं बेहतर महसूस करेंगे।
सुप्रभात, आपका दिन मंगलमय हो।
